पठानकोट बाइपास के नजदीक बने पंजाबी बाग से पिछले तीन दिन से गायब 12 वर्षीय बच्चे का शव सोमवार को नहर में उतराता मिला है। मृतक की पहचान अजय के रूप में हुई।
इस मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक बच्चे की मां ने इसे हादसा नहीं बल्कि कत्ल करार दिया है। मृतक की मां का कहना है कि कंचे खेलते वक्त उसके बेटे अजय का कुछ लड़कों के साथ झगड़ा हो गया था। वह लड़के उसके बेटे को धोखे से बल्लां नहर पर ले गए गए थे। मृतक की मां ने दावा किया है कि उसके बेटे की मौत नहर में डूबने से नहीं हुई है बल्कि उन्हीं लड़कों ने उसे मारकर नहर में फेंका है।
मृतक बच्चे की मां ने कहा कि उसने पुलिस थाना डिवीजन नंबर-8 में अजय की गुमशुदगी को लेकर शिकायत दी थी। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने उन्हें पुलिस चौकी गदईपुर भेज दिया था।
पुलिस बच्चे को ढूंढने के बजाय हमें थानों के चक्कर ही कटवाती रही। फिलहाल मृतक की मां के आरोपों के बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। बता दें कि सोमवार सुबह लोगों को गदईपुर नहर में बच्चे की लाश मिली थी।
पुलिस ने कहा कि लगता है कि देर रात पानी के बहाव में बच्चे का शव यहां पर पहुंच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।