पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव चक सुहेले वाला से गुजर रही गंग कैनाल से आठ दिन से लापता महिला और युवक के शव बरामद हुए हैं । दोनों मृतकों के हाथ चुनरी से कसकर बंधे थे। महिला दो बच्चों की मां है। उधर, पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट इंतजार है। इसके बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
मामले की जांच कर रहे थाना वैरोका के एएसआई इकबाल सिंह ने बताया कि सुच्चा सिंह निवासी महालम ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी कृष्णा रानी (28) के साजन सिंह (22) निवासी महालम से संबंध हैं। आरोपी उसकी पत्नी को बहका फुसलाकर कहीं ले गया है। दोनों 18 मार्च से लापता हैं।
सुच्चा सिंह ने कहा कि शिकायत के बाद आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की जा रही थी लेकिन मोबाइल फोन बंद आ रहा था। इसके बाद गुरुवार को उन्हें किसी ने टेलीफोन पर सूचना दी कि गांव सुहेले वाला से गुजरने वाली गंग कैनाल में महिला और पुरुष के शव उतरा रहे हैं। पुलिस ने पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया।
शवों की शिनाख्त कृष्णा रानी और साजन के तौर पर हुई है। दोनों के हाथ चुनरी से कसकर बंधे थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या कर शव नहर में फेंके गए हैं लेकिन इसका पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव दोनों के परिजनों को सौंप दिए हैं। कृष्णा रानी की शादी को लगभग नौ साल हो चुके थे और उसके दो बच्चे भी हैं।