मोहाली के सोहाना स्थित एक जोहड़ में युवक की लाश पुलिस ने बरामद की है। मृतक की पहचान ऑटो चालक रुपेंद्र सिंह उर्फ बिल्लू (27) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बिल्लू शनिवार से लापता था। अशंका जताई जा रही है कि शनिवार को आंधी और बारिश के दौरान वह जोहड़ में गिर गया था। इस कारण जोहड़ में डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। मामले की जांच सोहाना पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक हरप्रीत सिंह कर रहे हैं। चर्चा ये है कि रुपेंद्र की मौत दुर्घटना से नहीं हुई, बल्कि उसके ऊपर हमले के चलते हुई।
हालांकि, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा होगा। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लाश को कब्जे में लेने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।