गांव पहाड़पुर में एक विवाहित महिला पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाने के प्रयास में सदर पुलिस ने पति, सास और ससुर पर केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
गांव पहाड़पुर की महिला अमित कौर ने सदर पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब नौ वर्ष पहले गांव हामझेड़ी में अमनदीप सिंह से हुई थी।
शादी के बाद से ही उसके सुसराल वाले उसे कम दहेज लाने के ताना देकर प्रताड़ित कर रहे थे। अमित कौर ने अपनी शिकायत में कहा है कि शनिवार को उसके पति, सास और ससुर ने उससे फिर से झगड़ा कर दहेज लाने की मांग की लेकिन उसने इंकार कर दिया।
इस पर सभी ने मिलकर उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी। सदर पुलिस के इंचार्ज गुरदीप सिंह ने बताया कि महिला 70 प्रतिशत तक जल चुकी है। उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना इंचार्ज ने बताया पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके पति अमनदीप सिंह, ससुर गुरमेल सिंह और सास नछत्तर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक किसी को हिरासत में नहीं लिया जा सका है।