सेक्टर-5 थाना पुलिस ने वेश्यावृत्ति के लिए बेटी को दलालों के हवाले करने वाले आरोपी मां-बाप को गिरफ्तार कर रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर रिमांड पर लिया।
वहीं, पांच अन्य आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक युवती को पिछले चार महीने में कई बार दलालों के हवाले किया गया। अभी तक की जांच में सामने आया है कि शुक्रवार को जब युवती को दलाल राहुल ने दो युवकों के हवाले किया तो वहां उसे शराब पिलाई गई।
इसके बाद किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। सूत्रों के मुताबिक, युवती यमुनानगर निवासी एक युवक के संपर्क में थी और उससे शादी कर इस दलदल से बाहर आना चाहती थी। उस रात युवती ने अपने मित्र से संपर्क किया और उसके बाद पुलिस के पास जाकर आपबीती बताई कि उसके मां-बाप पैसों के लालच में कैसे उसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जालंधर निवासी एक युवती की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में युवती के मां-बाप, तीन दलाल जीरकपुर निवासी राहुल, सेक्टर-21 निवासी विकास, चंडीगढ़ निवासी राहुल के अलावा दो अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।