लोकसभा चुनावों के मद्देनजर विशेष चेकिंग मुहिम के दौरान पजाब की पटियाला पुलिस ने लाइव ट्रेडिंग इंडिया मोहाली नामक कंपनी के डीलरशिप होल्डर (फ्रेंचाइज) जोगा सिंह को गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास से बीएमडब्लयू कार और आम लोगों से ठगी करके इकट्ठा की गई साढ़े 71 लाख रुपये की नगदी भी बरामद की गई है।
पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने बताया कि इस कंपनी की पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा अन्य विभिन्न जगहों पर करीब 150 शाखाएं हैं।
कंपनी की ओर से आम लोगों को उनके जमा कराए पैसों पर 10 प्रतिशत ब्याज देने का झांसा देकर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने का पर्दाफाश किया गया है।
29 मार्च को एसआई बलविंदर कौर इंचार्ज थाना डिवीजन नंबर दो पुलिस पार्टी समेत पुरानी चुंगी डकाला के पास चेकिंग के संबंध में मौजूद थीं।
इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोगों ने मिलकर एक कंपनी लाइव ट्रेडिंग इंडिया मोहाली बनाई हुई है, जो लोगों को उनकी जमा राशि पर 10 प्रतिशत ब्याज देने का झांसा देकर कंपनी के जाली वाउचर और रसीदें जारी करके ठगी करते हैं।
आरोपी काले रंग की बीएमडब्लयू कार में लोगों से ठगी करके पैसे लेकर सन्नौरी अड्डा पटियाला की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के मद्देनजर इनकम टैक्स विभाग के डिप्टी डायरेक्टर प्रिखशत सिंह और चुनावों के मद्देनजर बनाई गई स्टेटिक सर्विलेंस टीम के इंचार्ज तरसेम शर्मा नायब तहसीलदार पटियाला को समेत पार्टी मौके पर बुलाया गया।
चेकिंग के दौरान एक नई काले रंग की बीएमडब्लयू कार सन्नौरी अड्डे की तरफ से आई। चेक करने पर गाड़ी में सवार जोगा सिंह को काबू करके बड़े बैग में रखी करीब 71 लाख 50 रुपये की नगदी और कंपनी के 15 खाली वाउचर बरामद किए गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत थाना कोतवाली में पर्चा दर्ज कर लिया है।