गो-तस्करों की क्रूरता भरी हरकत पढ़कर आपके होश उड़ जाएंगे। उन्होंने निर्दयता की हदें पार करते हुए गायों को कीलें ठोक दीं। मामला हरियाणा में सोनीपत के गांव हरसाना का है। यहां खेतों में दो गाय जहां मृत मिलीं और वहीं 6 घायल अवस्था में।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत गायों को जहां दफनाया वहीं घायल गायों को गोहाना की गौशाला भेजा। गोभक्तों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हरसाना मोड़ के पास रविवार को खेतों में सुबह के समय ग्रामीणों ने कुछ गाय जमीन पर पड़ी देखी।
पास जाकर देखने पर पता चला कि दो गायों की जहां मौत हो चुकी थी वहीं 6 गायों को बुरी तरह घायल किया गया था। सूचना पर थाना सदर सोनीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
इस दौरान अंदेशा जाहिर किया गया कि इन गायों को मारकर कहीं ले जाना था। अपने इरादे में कामयाब नहीं होने पर यहां छोड़कर फरार हो गए। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी गायों की गुदा में मोटी-मोटी और बड़ी-बड़ी कीलें ठोंकी गईं।
बताया जा रहा है कि जो दो गाय मृत पाई गई हैं, उनकी गुदा में भी इसी तरह कीलें ठोंकी गई थी। वहीं घायल गायों में से दो गायों के पांव और मुंह पर कुछ जगह चोट के निशान भी थे।