सेक्टर 37 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई। बैंक के मैनेजर भूपेश की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-37 में पीएनबी बैंक का एटीएम बना हुआ हैं। इस एटीएम को कुछ शरारती तत्वों ने तोड़ने का प्रयास किया है।
हालांकि वे इसे तोड़ तो नही पाए पर इसे उन्होंने जगह से खिसका दिया। फिलहाल पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की शिनाख्त हो सके।
वहीं दूसरी ओर मोरिंडा रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की एटीएम मशीन को भी चोरों ने उखाड़ कर ले जाने की कोशिश की। लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर शुरू कर दी है।
बैंक के बाहर बने एटीएम कैबिन में गार्ड नियुक्त न होने का चोरों ने लाभ उठाया। बैंक मैनेजर गौरव अरोड़ा ने बताया कि कैबिन में लगे सीसीटीवी से पता चला है कि चोरों की संख्या चार थी। जो कि सफारी गाड़ी में आए थे।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार तड़के चोरो ने एटीएम मशीन को उखाड़ लिया और कैबिन से बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन मशीन का एक भाग दरवाजे में फंस गया। जिस कारण एटीएम मशीन बाहर नहीं निकल सकी। इसी बीच हुए शोर से चोर डरकर भाग गए।
सिटी पुलिस के एसएचओ इकबाल सिंह ने बताया कि उनके द्वारा कई बार लिखित और निजी तौर पर बैंकों को एटीएम में गार्ड नियुक्त करने के लिए कहा जा चुका है। लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हुई।
इकबाल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी शहर के चंडीगढ़ मार्ग पर केनरा बैंक में चोरी की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार कर लिया था।