भाई-बहन का रिश्ता उस वक्त कलंकित हो गया, जब बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर भाई को बेरहमी से मार डाला। मामला पंजाब के लुधियाना का है।
शहर के सलेम टाबरी इलाके में कुछ युवकों ने डुगरी निवासी हरीश कुमार उर्फ दीपू (27) की ईंट मारकर हत्या कर दी। जिस समय दीपू पर हमला हुआ, उसकी मां रेणु भी उसके साथ कार में थी।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी और थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छावनी मोहल्ला में रहने वाले मनोज कुमार उर्फ मनु, दीपू की बहन रचना, मनु की मां और छह अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
शादीशुदा थी बहन, प्रेमी संग भाग गई थी
थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनिंदर बेदी ने कहा कि दीपू कार वाशिंग का काम करता था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी बहन रचना की करीब 14 साल पहले हैबोवाल में शादी हुई थी। कुछ समय पहले रचना के मनु के साथ संबंध बन गए। रचना मनु के साथ घर से पैसे और जेवरात लेकर फरार हो गई थी। इसके बाद से वह मनु के साथ ही रह रही थी।
दीपू और उसकी मां रेणु रचना को समझा रहे थे, लेकिन वह उनकी बात नहीं मान रही थी। शनिवार को मनु की मां ने दीपू और रेणु को अपने घर बुलाया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दीपू और रेणू वहां से निकल गढ। मनु की मां ने उनकी कार पर पत्थर भी मारे, मगर दीपू ने कार भगा ली।
मनु, उसकी मां, रचना और अन्य लोगों ने दीपू की कार का पीछा किया। जब दीपू ने सलेम टाबरी पेट्रोल पंप से कार घुमाई तो आरोपियों ने उन्हें आगे से घेर लिया। आरोपियों ने कार पर ईंटें मारनी शुरू कर दी। एक ईंट कार का शीशा तोड़ते हुए सीधे दीपू के सिर पर जा लगी और वह घायल हो गया। रेणु भी कार का शीशा लगने से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। रेणु ने किसी तरह दीपू को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक महीने बाद थी दीपू की शादी
दीपू की कुछ समय पहले ही मंगनी हुई थी और अगले महीने शादी थी। रचना के कारण ससुराल में बेइज्जती न हो, इसलिए दीपू अपनी बहन को समझा कर वापस उसके घर भेजना चाहता था, लेकिन रचना नहीं मानती थी।
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी: एसएचओ
थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनिंदर बेदी ने कहा कि पुलिस ने मनोज कुमार उर्फ मनु, उसकी मां और दीपू की बहन रचना सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अभी सब आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।