एएसआई और हवलदार रिश्वत के खेल में फंस गए हैं। दोनों खार्चा- पानी मांगते हुए वीडियो में कैद हो गए हैं, जो वायरल हो गया है। पानीपत पुलिस को इस बार एक एएसआई और हवलदार ने शर्मसार कर दिया। दोनों का पैसे मांगते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। आरोप है कि दोनों हत्या के मामले में एक सजायाफ्ता कैदी की पैरोल के लिए शिनाख्त करने गए थे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से खर्चा-पानी मांगा।
विज्ञापन
पीड़ित लोग इसकी शिकायत लेकर शुक्रवार को एसपी के पास पहुंचे, लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने एसपी रीडर से शिकायत की है। परिजन एएसआई के रिश्वत मांगने की सीडी लेकर भी आए थे। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
गांव सुताना निवासी प्रदीप ने बताया कि उसका भाई संदीप उर्फ लीला हत्या के एक केस में उम्रकैद की सजा काट रहा है। 28 अप्रैल 2017 को उसकी सजा के पांच साल पूरे हो जाएंगे। उसके भाई ने पैरोल के लिए अर्जी लगाई थी। इसकी तस्दीक करने के लिए असंध रोड नहर नाका चौकी से एएसआई वीरेंद्र सिंह और एक हेड कांस्टेबल बाइक से आठ मार्च 2017 को उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पूछताछ के बाद एएसआई ने खर्चा-पानी मांगा। इस पर प्रदीप ने कहा कि यह आपका काम है, इसके लिए पैसे क्यों दें। इस पर एएसआई बिगड़ गया और उसका नाम पूछकर दोनों लौट गए।
एएसआई, हवलदार मांग रहे थे खार्चा-पानी
- फोटो : Demo Pic
प्रदीप ने बताया कि 27 मार्च 2017 को दोनों दोबारा उनके घर पहुंचे। घर पर उनके पिता और बीमार मां थीं। आरोप है कि एएसआई वीरेंद्र ने उसके माता-पिता के साथ अभद्रता की और प्रदीप को देख लेने की धमकी दी। पुलिस कर्मचारी ने उन्हें थाने में आने के लिए भी कहा। प्रदीप का आरोप है कि उसकी मां संतोष देवी थायराइड और बीपी की मरीज हैं। एएसआई के धमकी देने से उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
प्रदीप ने बताया कि पुलिसकर्मियों के अभद्रता करने की शिकायत सीएम विंडो और डीजी से की है। वहां से शिकायत जांच के लिए डीएसपी देसराज के पास पहुंची थी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को वह अपने पिता महेंद्र, मामा सतपाल रावल, रामभज रावल, दादा स्पटर, दलेल सिंह, ईश्वर, सतबीर, मोनू, सतबीर आदि के साथ एसपी से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे।
सुताना गांव के लोगों की शिकायत डीएसपी के पास है। वे ही इस मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पहले सीडी नहीं सौंपी थी। उन्होंने शुक्रवार को ही सीडी सौंपी है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
अमित कुमार, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन पानीपत।
मैं आज बाहर हूं, मेरे संज्ञान में ऐसा मामला नहीं आया है। यदि किसी पुलिस कर्मचारी ने पैसे मांगे हैं तो बेहद गलत है। सीडी की जांच करवाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर पुलिस कर्मचारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
देसराज, डीएसपी, पानीपत।