बलिया जनपद के महादेवा भीमपुरा के समीप मऊ से बाइक ले जा रहे एक एजेंसी के कर्मचारी को बदमाशों ने गोली मारकर उसकी अपाची गाड़ी लूट ली। घटना के बाद बदमाश मधुबन थाना क्षेत्र के बेलौली मार्ग पर भागे तो जनपद पुलिस भी अलर्ट हो गई।
हालांकि देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। उधर मामला बलिया पुलिस का होने के चलते घायल युवक को बलिया जिला अस्पताल भेजा गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। बलिया के साथ ही मऊ की पुलिस भी बदमाशों की सुराग में लगी हुई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक बाइक एजेंसी संचालक के यहां से एक कर्मचारी रोहित पुत्र देवेंद्र निवासी पड़री बेल्थरारोड जनपद बलिया बाइक लेकर एजेंसी की दूसरी शाखा बलिया के बेल्थरा रोड जा रहा था। अभी वह मऊ बार्डर से कुछ ही दूर बलिया के भीमपुरा के महादेवा के पास पहुंचा था कि पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और गाड़ी को ओवरटेक करके रुकवा लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दिया और उसकी नई अपाची गाड़ी लेकर बेलौली मधुबन मार्ग की तरफ भाग गए। बदमाशों में एक हेलमेट लगाया हुआ था जब कि दूसरा मुंह पर लाल रंग का गमछा बांधे हुए था।
इसकी सूचना जब पुलिस अधीक्षक मुनिराज को लगी तो उन्होंने तुरंत मधुबन पुलिस को अलर्ट किया बावजूद इसके बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। इस मामले में बलिया और मऊ की पुलिस बदमाशों की सुराग में लगी है। घायल का बलिया के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।