फतेहाबाद के गांव बड़ोपल के पास नहर किनारे बने होटल पर सीएम उड़नदस्ते ने छापेमारी की। इस दौरान जांच में सामने आया ही होटल संचालक पास से गुजर रही बड़ी नहर से पाइप के जरिए पानी की चोरी कर रहा था। नहर विभाग के अधिकारी ने इस संबंध में सदर थाना पुलिस को होटल संचालक के खिलाफ शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, सीएम उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि बीघड़ रोड निवासी मनीष बड़ोपल नहर के पास होटल चलाता है। वह दो पाइप के जरिए नहर से पानी की चोरी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर छापामार टीम का गठन किया गया, जिसमें शामिल सीएम उड़नदस्ते के उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह, सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारियों ने पाया कि बड़ोपल नहर से लोहे की दो पाइप के माध्यम से नहर से पानी को चुराया जा रहा है। टीम ने वीडियोग्राफी की और फोटो भी ली। इसके बाद पाइप हटवा दी गई और थाने में शिकायत दी गई।