सिद्धू मूसेवाला की हत्या में फरार दो शार्प शूटर के बारे में पंजाब पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा और जगरूप रूपा पंजाब में ही छिपे हैं। गिरफ्तार शूटर अंकित सेरसा से पूछताछ में मिली जानकारी पर पुलिस छापे मार रही है। वहीं मानसा कोर्ट ने शूटर प्रियव्रत फौजी, कशिश उर्फ कुलदीप, केशव और दीपक को जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस पर शिकंजा कसने से उसकी गैंग के अन्य साथी बौखला गए हैं। उसके गैंग के साथियों की लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। यही वजह है कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने वीडियो जारी कर सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर स्पष्टीकरण जारी किया।
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दो दिन पहले वीडियो जारी कर यह दावा किया था कि मूसेवाला ने जान बचाने के लिए उसे दो करोड़ रुपये की पेशकश की थी। इस दावे पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल पुलिस कमिश्नर एचजीएस धालीवाल का कहना है कि उनकी पूछताछ में ऐसा कुछ सामने नहीं आया। गोल्डी बराड़ ने वीडियो जारी कर मूसेवाला के कत्ल को सही ठहराते हुए कई तरह के आरोप लगाए थे। उसने सहानुभूति बटोरने के साथ पंथक कार्ड भी खेलने की कोशिश की।