महिला को बचाने गए पुलिसकर्मी खुद पिटे
- फोटो : DEMO PIC
मामला हरियाणा के रोहतक का है, जहां महिला को ससुराल वालों के अत्याचार से बचाने पहुंचे पुलिसकर्मी खुद पिट गए। पीड़िता के ससुर, जेठ, देवर सहित अन्य ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया और उनकी डंडो से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी।
टीम में शामिल एसआई और दो अन्य पुलिसकर्मियों के मोबाइल, पर्स छीन लिए। आसपास के लोगों ने जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो दूसरी टीम ने मौके पर पहुंचकर बंधक बने पुलिसकर्मियों को छुड़वाया। कलानौर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। साथ ही महिला के ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को कलानौर स्थित चमेली मार्केट के एक घर से एक महिला ने महिला हेल्पलाइन में सूचना दी कि उसका ससुर अमरनाथ, जेठ विजय सहित अन्य लोग शराब पीकर उसे पीट रहे हैं। जल्दी आकर मुझे ससुराल वालों से बचा लो। जांच अधिकारी एएसआई समुंदर सिंह ने बताया कि सूचना पर कलानौर थाने से एसआई हरिओम, सिपाही रविश और श्रीभगवान मौके पर पहुंचे। उस दिन हरिओम कलानौर थाने के कार्यवाहक चार्ज संभाल रहे थे। पुलिस ने महिला को छुड़ाकर परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की। इसी बीच परिवार के सदस्यों ने पुलिस टीम की डंडो से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें बंधक बना लिया। मामला बढ़ता देख आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों से छीने पर्स, मोबाइल और एटीएम कार्ड
FIGHT
- फोटो : Demo Pic
पुलिसकर्मियों से छीने पर्स, मोबाइल और एटीएम कार्ड
जांच अधिकारी समुंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस टीम के मोबाइल, पर्स और एटीएम कार्ड भी छीन लिये। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर हत्या की धमकी दी। हाथापाई में एसआई की वर्दी भी फट गई। सूचना मिलने पर एक टीम को तत्काल रवाना किया गया। इसके बाद बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों को छुड़वाया गया।
बाद में आरोपियों से छीना हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया। कलानौर थाना पुलिस ने एसआई हरिओम की शिकायत पर ससुर अमरनाथ, जेठ विजय, देवर अंकित और सास के खिलाफ स्नेचिंग, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी और रास्ता रोकना सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में अमरनाथ और उसके बड़े बेटे विजय को गिरफ्तार कर लिया गया है।