फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एरियर घोटाला: CID के पास 400 करोड़ के घोटाले की जांच, जून में शिक्षा विभाग से मांगा जा चुका रिकॉर्ड

Tue, 22 Nov 2022 09:01 AM IST
भूपेंद्र सिंह यशपाल शर्मा, अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़

सार

400 करोड़ के एरियर घोटाले की जांच सीआईडी के पास है। शिकायतों के आधार पर जून में शिक्षा विभाग से रिकॉर्ड मांगा जा चुका है। गलत तरीके से एरियर और ब्याज का वित्तीय लाभ लेने वाले शिक्षकों की सूची मांगी है।  
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग के 400 करोड़ के एरियर घोटाले की जांच सीआईडी कर रही है। शिकायतों के आधार पर जून महीने में एडीजीपी सीआईडी एरियर घोटाले से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड स्कूल शिक्षा विभाग से मांग चुके हैं। निदेशक मौलिक शिक्षा ने सोनीपत जिले में पूरा एरियर लेने के साथ छह प्रतिशत ब्याज गलत तरीके से लेने वाले शिक्षकों का रिकॉर्ड सीआईडी को मुहैया करा दिया है।

विज्ञापन


प्रदेश के अन्य जिलों से स्टैपिंग अप प्रक्रिया में आदेशों की अवहेलना कर एरियर गलत तरीके से तय कराने और साथ में ब्याज लेने वाले शिक्षकों का रिकॉर्ड अब तक निदेशक के पास नहीं पहुंचा है। 11 अक्तूबर 2022 को निदेशक ने फिर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अनुस्मरण पत्र जारी कर गलत तरीके से एरियर और ब्याज का वित्तीय लाभ लेने वाले शिक्षकों की सूची मांगी है।

जिसे मुहैया कराने में जिला शिक्षा अधिकारी आनाकानी कर रहे हैं। भिवानी जिले के सेवानिवृत्त अधीक्षक तारा चंद ने 16 सितंबर 2021 को एरियर घोटाले को लेकर मुख्य सचिव को पत्र लिखा था और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की थी।
विज्ञापन


उन्होंने पत्र में लिखा था कि हाईकोर्ट के आदेशों की गलत व्याख्या के जरिये एरियर और उस पर छह प्रतिशत ब्याज लेकर जेबीटी, भाषा अध्यापकों और टीजीटी ने सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है। 38 महीने का एरियर लेने वाले शिक्षकों को ही छह प्रतिशत ब्याज भी मिलना था, लेकिन सैकड़ों शिक्षकों ने पूरा एरियर भी लिया और साथ में ब्याज भी। 

निदेशालय ने दिए ये उदाहरण
सोनीपत जिले के लहराड़ा स्कूल के शिक्षक धर्मेंद्र ने 13 जून 2006 से एक जून 2018 तक का पूरा एरियर 1,99,778 रुपये ले लिया। वह छह प्रतिशत ब्याज नहीं ले सकते थे, लेकिन 1,05,447 रुपये का एरियर का ब्याज भी विभाग से वसूल लिया।  

विरेंद्र सिंह जेबीटी के आधार पर इन्होंने भी लिया गलत फायदा
-निर्मला देवी संस्कृत अध्यापक, कुंडल स्कूल
-रीटा गांव बैंयापुर लहराड़ा स्कूल
-प्रमिला गांव बैंयापुर लहराड़ा स्कूल
-सीमा गांव चौंयापुर लहराड़ा स्कूल

जिलों से लेकर निदेशालय स्तर तक जुड़े तार
निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग डॉ. अंशज 11 जुलाई 2022 को जिला शिक्षा अधिकारियों को लिखे पत्र में यह मान चुके हैं कि सरकार को करोड़ों रुपये का वित्तीय नुकसान शिक्षकों ने जिला स्तर पर तैनात शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पहुंचाया है। इसलिए सभी जिला शिक्षा अधिकारी गलत फायदा लेने वाले शिक्षकों की पहचान कर सूची जल्द मुख्यालय को भेजें। बावजूद इसके इनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी। चूंकि, मामले के तार शिक्षा निदेशालय तक जुड़े हुए हैं, जिसके चलते ही मामले में आज तक कड़ी कार्रवाई नहीं हुई।

गलत वित्तीय लाभ लेने वालों से होगी रिकवरी : कंवर पाल 
शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि जिन शिक्षकों ने पूरा एरियर लेने के साथ छह प्रतिशत ब्याज भी लिया है, उनसे रिकवरी की जाएगी। जिन्होंने दूसरे जिले के जेबीटी का उदाहरण देकर एरियर बनवाया है और अधिक राशि ली है, उनसे भी पैसा वापस लिया जाएगा। सरकारी खजाने का दुरुपयोग किसी सूरत में नहीं होने देंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें