पुरानी रंजिश में कस्बे के वार्ड नंबर चार में पानी वाली टंकी के नजदीक निवासी गुरिंदरपाल सिंह गिंदा पुत्र हरंबस लाल पर सोमवार रात करीब ढाई बजे कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने हथियारों से हमला बोल दिया।
हमलावर उसकी दाई बाजू काटकर अपने साथ ले गए। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत है। इस घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खुल गई। हालांकि पुलिस इस मामले में आरोपियों की तालाश करने का दावा कर रही है।
गुरिंदरपाल सिंह गिंदा की पत्नी हरजीत कौर ने बताया कि सोमवार रात करीब ढाई बजे एक व्यक्ति ने खुद को गिंदे का दोस्त बताकर दरवाजे पर दस्तक दी। जब उसने दरवाजा खोला तो 20-25 अज्ञात व्यक्ति बाहर खड़े थे।
उनके मुंह कपड़े से ढके हुए थे। सभी ने गुरिंदरपाल सिंह पर हमला बोल दिया। हमलावर उसके पति को उठाकर बाहर सड़क पर ले गए व किरपाणों, दातरों और बेसबालों से वार करने लगे।
एक हमलावर ने तेजधार दातर से गुरिंदरपाल सिंह की बाजू पर वार किया जिससे उसकी दाई बाजू शरीर से अलग हो गई। हरजीत कौर ने बताया कि हमलावर जाते समय उसके पति की बाजू भी अपने साथ ले गए।
गुरिंदरपाल सिंह को गंभीर हालत में परिजनों ने अमनदीप अस्पताल अमृतसर में दाखिल करवा दिया है। इस घटना से पट्टी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश में करीब दो दर्जन लोगों ने इस घटना को दहशत पैदा करने के लिए अंजाम दिया है। एसएचओ गुरिंदर सिंह ने बताया कि गुरिंदरपाल सिंह गिंदा की पत्नी हरजीत कौर के बयान पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।