राजपुरा में तीर्थ दर्शन यात्रा बस का एक्सीडेंट
- फोटो : अमर उजाला
दरबार साहिब अमृतसर के लिए जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा की बस बेकाबू होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में करीब 50 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा, राजपुरा के हलका घनौर के गांव लाछड़ू कलां के पास हुआ।
पंजाब रोडवेज की बस जब राष्ट्रीय राजमार्ग सरहिंद रोड पर गांव पत्तारसी के ऊंचे पुल पर चढ़ रही थी तो बस बेकाबू होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे बस ड्राइवर, कंडक्टर, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों सहित करीब 50 लोग घायल हो गए। उन्हें राजपुरा और फतेहगढ़ साहिब के सरकारी अस्पतालों में दाखिल करवाया गया।
मौके पर घनौर की विधायक हरप्रीत कौर मुखमैलपुर व पुलिस अधिकारी पहुंचे। सुबह मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा के लिए पंजाब रोडवेज की बस घनौर के गांव लाछड़ू कलां से करीब 60 यात्रियों को लेकर अमृतसर दरबार साहिब व अन्य तीर्थ स्थानों के लिए रवाना हुई।
सुबह के करीब 6 बजे हुआ हादसा
राजपुरा में तीर्थ दर्शन यात्रा बस का एक्सीडेंट
- फोटो : अमर उजाला
सुबह करीब 6 बजे बस जब गांव पत्तारसी के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज पर चढ़ रही थी तो अचानक ड्राइवर से बस बेकाबू होकर पुल की रेलिग तोड़ती हुई सड़क पर आकर गिरी। इससे बस चालक लखविंदर सिंह निवासी तरनतारन व कंडक्टर कुलदीप सिंह निवासी घनौर सहित करीब 50 यात्री घायल हो गए।
घायलों को एक अन्य सरकारी बस की सहायता से राजपुरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। कुछ घायलों को फतेहगढ़ साहिब के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
इनमें पांच गंभीर घायलों में मंजूर अली (19) वरिंदर कौर (16) मनजीत कौर (23) जतिंदर सिंह (33) टहल सिंह (50) सभी गांव लाछड़ू कलां निवासी को पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में रेफर किया गया।
डाक्टरों ने कहा कि काफी संख्या में यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया जाएगा बाकी करीब 25 यात्रियों का इलाज सिविल अस्पताल में होगा।