अमेरिका में घृणा अपराध का एक और मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क में अज्ञात हमलावरों ने हिजाब पहनने के चलते 60 वर्षीय मुस्लिम महिला नजमा खानम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। सेवानिवृत्त स्कूल टीचर नजमा अपने 75 वर्षीय शौहर शमसुल आलम खान के साथ दुकान बंद करके घर की ओर जा रही थी, तभी उन पर चाकू से हमला किया गया।
इससे करीब दो सप्ताह पहले अमेरका में बांग्लादेश मूल के इमाम मौलाना अकोनजी और उनके सहयोगी थारा उद्दीन की भी हत्या कर दी गई थी। न्यूयॉर्क डेली न्यूज के मुताबिक नजमा अपने घर पहुंचने वाली थी, तभी बुधवार रात करीब सवा नौ बजे उन पर हमला कर दिया गया।
फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस की हेट क्राइम्स टास्क फोर्स मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अस्थमा के मरीज आलम खान को नजमा घायल अवस्था में क्वीन्स के जमैका हिल्स में फुटपाथ पर पड़ी मिलीं। उनके सीने पर चाकू मारा गया था।