चंडीगढ़ पुलिस की ओर से सट्टा लगाने और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने का दावा करने की पोल एक शिकायतकर्ता ने खोल दी है। डड्डूमाजरा निवासी एक युवक ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मकान नंबर-174 में सट्टे का कारोबार चलता है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को शिकायत गौरव कुमार ने दी है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि डड्डूमाजरा में सट्टे का कारोबार चलता है, जिसका संचालक बॉबी प्रधान है। गौरव ने बताया कि उसने रविवार शाम 500 रुपये का सट्टा पर्ची नंबर 97 पर खेला था। इसमें सही नंबर आने पर 500 के बदले 45 हजार रुपये दिए जाते हैं। लेकिन बॉबी ने गौरव को यह राशि देने में आनाकानी करने लगा। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।
इस दौरान बॉबी और गौरव को चोटें भी आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों का मेडिकल करवाया। सट्टा चलने की बात से पुलिस इनकार कर रही है।