पलसौरा बेबी मर्डर केस में पुलिस के हाथ अभी तक कातिल का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का अब सारा फोकस इस पर है कि लोग धरना प्रदर्शन न करें।
सेक्टर-39 के थाना प्रभारी गुरमुख सिंह ने शनिवार को वार्ड पार्षद दर्शन गर्ग को साथ लेकर गांव वासियों के साथ बैठक की। बैठक में सारा जोर इस बात रहा कि गांव वाले कोई धरना-प्रदर्शन न करें।
इस मौके पर पुलिस की ओर से गांव वालों को आश्वासन दिया गया कि पुलिस काफी तेजी से जांच में जुटी हुई है। तीन-चार दिन में कातिल को ढूंढ लिया जाएगा।
गांव में पुलिस की ओर से शनिवार को पोस्टर भी चिपकाए गए, जिन पर लिखा था बच्ची के कातिल का सुराग बताने वाले को एक लाख रुपये इनाम दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए 11 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर वेरिफिकेशन कर रही हैं।
पुलिस को कुछ मोबाइल नंबरों का डाटा भी मिला है। इसे खंगाला जा रहा है। पलसौरा चौकी में शनिवार को भी करीब आधा दर्जन लोगों से पूछताछ की गई।
आज होगा भोग
रविवार को पलसौरा के गुरुद्वारे में बच्ची के भोग का आयोजन किया गया है। भोग भी गांव निवासियाें की ओर से किया जा रहा है। भोग का समय सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है।