चंडीगढ़ पुलिस ने गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स (जीबीपी) के निदेशक समेत चार के खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसमें आरोपी सतीश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, रमन गुप्ता और अनुपम गुप्ता के नाम शामिल हैं। इनकी सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में 19 केस दर्ज हैं। इन आरोपियों ने आवासीय और व्यावसायिक स्थलों पर जमीन, प्लाट, फ्लैट देने के बहाने मोटी रकम जमा करवा चुके हैं। अभी तक लगभग 40 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है।
अप्रैल में 1500 करोड़ की ठगी के छह मामलों में केस दर्ज
चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अप्रैल में गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स के खिलाफ 1500 करोड़ की धोखाधड़ी के मामलों में छह एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में जीबीपी के साथ जीएंडजी बिल्डर्स के मैनेजिंग पार्टनर पर भी केस दर्ज हुआ था। जीरकपुर निवासी देवभूषण गुप्ता ने शिकायत में बताया था कि जीबीपी के डायरेक्टर रमन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व अन्य और जीएंडजी बिल्डर्स के मैनेजिंग पार्टनर नीरज गुप्ता ने करीब 2500 लोगों के साथ अलग-अलग प्रोजेक्ट में 1500 करोड़ की धोखाधड़ी की है।