मौके पर पहुंची बम स्क्वायड टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मक्खन माजरा स्थित श्मशान घाट के पास रविवार को एक मोर्टार के मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर तुरंत ऑपरेशन सेल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया। मौलीजागरां पुलिस व अन्य अधिकारियों ने मोर्टार को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे मंजू नामक एक महिला मक्खन माजरा स्थित श्मशान घाट के पास सूखी लकड़ियां इकट्ठा कर रही थी। लकड़ियां बीनने के दौरान उसे मोर्टार दिखा। इसके बाद महिला ने गांव के सरपंच को सूचना दी कि उसे एक बम नुमा चीज मिली है।
इसके बाद सरपंच ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर मोर्टार की जांच शुरू कर दी। साथ ही इसकी सूचना चंडी मंदिर आर्मी को दी। टीम की जांच में सामने आया कि पाई गई चीज मोर्टार है। टीम ने मोर्टार को कब्जे लेकर जांच शुरू का दी।
बता दें कि मक्खन माजरा के पास कबाड़ की कई सारी दुकानें हैं। संभावना है कि मोर्टार कबाड़ के किसी दुकान से वहां पर आया हो। मोर्टार को वहां किसने फेंका, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के कबाड़ियों से पूछताछ की। पुलिस को आशंका है कि यह मोर्टार स्क्रैप में आया हो और किसी कबाड़ी ने उसे यहां फेंक दिया हो।
20 मीटर तक तबाही मचाता है मोर्टार
मोर्टार एक तरह का विस्फोटक है। इसका इस्तेमाल पैरामिलिट्री फोर्स और सेना करती है। यह विस्फोटक फटने पर करीब 20 मीटर दूर तक तबाही मचा सकता है। कहीं भी मोर्टार मिलता है तो उसके आसपास का 100 मीटर एरिया सील कर दिया जाता है।
बता दें कि इससे पहले अगस्त 2019 को खुड्डाअली शेर में दो और अप्रैल 2019 में रामदरबार में तीन मोर्टार कूड़े के ढेर में मिले थे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।