सेक्टर-39 वेस्ट से डेढ़ साल के बच्चे को अगवा करने व 20 हजार फिरौती मांगने के आरोपी को बलौंगी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से बच्चा भी सही सलामत बरामद कर लिया गया है। आरोपी की पहचान बड़माजरा निवासी गुलशन के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में बच्चे सुंदर के पिता तानिक लाल ने बताया कि वह सेक्टर-39 वेस्ट में रहते हैं। चार दिन पहले 23 सितंबर को उनका बेटा पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। उसकी मां भी थोड़ी ही दूरी पर खड़ी थी।
इसी बीच बच्चे को वहां से कोई उठाकर ले गया। उन्होंने काफी देर तक बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। फिर उन्होंने अगले दिन इसकी शिकायत बलौंगी थाना पुलिस को दी।
बच्चा जिंदा चाहिए तो 20 हजार दे देना
पुलिस ने बताया कि गुलशन ने बच्चे को अगवा करने के बाद उसके पिता तानिक लाल को फोन किया। साथ ही फोन कर कहा कि अगर अपना बच्चा जिंदा चाहिए, तो 20 हजार रुपये दे देना। इसके बाद तानिक व उसकी पत्नी घबरा गए।
पहले तो उन्होंने डर के कारण किसी को यह बात नहीं बताई। फिर उन्होंने फिरौती संबंधी पुलिस को सूचित किया और मोबाइल फोन का नंबर भी नोट करवाया। पुलिस ने आरोपी का नंबर सर्विलांस पर लगा दिया।
आरोपी के फोन की कॉल लोकेशन लुधियाना या फिर अलग-अलग जगह की आ रही थी। इसी बीच आरोपी की लोकेशन बलौंगी आई। तभी पुलिस ने उसे बलौंगी बैरियर के पास से काबू कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे का पिता तानिक ठेकेदारी का काम करता है और गुलशन भी उसी के साथ काम करता है। इनका आपस में पैसों का लेन देन था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पैसों के लेनदेन के विवाद के कारण ही बच्चे को अगवा तो नहीं किया गया था?