पानीपत में सनौली रोड पर हैदराबादी अस्पताल के पास गुरुद्वारे के स्कूल की इमारत में बने पंजाब एंड सिंध बैंक में करोड़ों की लूट का मामला सामने आया है। चोर बैक के लॉकर रूम में दाखिल होकर बदमाशों ने 6 लॉकरों को तोड़ा और लाखों रुपये कीमत के सोने और ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे पांच लॉकर के मालिकों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 200 तोला सोना और एक करोड़ की चोरी होने का दावा किया जा रहा है। बाकी एक लॉकर मालिक की जानकारी नहीं हो पाई। बदमाशों ने बड़े ही शातिराना फिल्मी अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया। स्कूल के बाहर गली के साथ बनी क्लास रूम की खिड़की को तोड़कर बदमाश अंदर घुसे, फिर क्लासरूम की फर्श को कटर से काटा। इसके बाद नीचे कुछ कट्टे फेंके ताकि नीचे कूदने में चोट न लगे।
इसके बाद क्लास रूम में बिछी दरी के सहारे लॉकर रूम में उतर गए। यहां पर उन्होंने छह लॉकर ही तोड़े, जबकि यहां पर 120 लॉकर थे। यह भी नहीं था कि एक लाइन के लॉकर तोड़े गए हों, सिर्फ 6, 7, 21, 22, 37 और 82 नंबर लॉकर को ही तोड़ा गया। ऐसे में, पूरी वारदात में बैंक के किसी कर्मचारी की मिलीभगत की आशंका जाहिर की जा रही है। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश अपने कुछ औजार वहीं छोड़कर उसी रास्ते से चले गए, जहां से लॉकर में दाखिल हुए थे।
विज्ञापन
छात्रों ने दी क्लासरूम में गड्ढे की जानकारी
बैंक की छुट्टी थी, लेकिन गुरुनानक पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुला हुआ था। स्कूल के नंबर-6 में कामर्स की 12वीं की क्लास लगती है। सोमवार की सुबह जब बच्चे क्लास में पहुंचे तो वारदात का पता चला। बच्चे ने स्कूल प्रबंधन और स्कूल प्रबंधन ने बैंक प्रबंधन को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद शहर में हड़कंप मच गया है। वहीं, इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने भी मौके का दौरा किया। तीनों सीआईए के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद एफएसएल टीम को बुलाया गया।
टीम ने मौके पर पूरी जांच पड़ताल की। वहीं बैंक में जितने लोगों को खाता या लॉकर था, सूचना मिलने पर पहुंचने लगे। जिन लॉकरों को तोड़ा कर सोना इत्यादि चुराया गया है, उनके मालिक भी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर कई घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। देर शाम तक पुलिस चोरी के सबूत खंगाले में लगी रही, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं स्कूल के सीसीटीवी के साथ अन्य गली चौराहों के सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इस चोरी में सबसे खास बात ये देखने को मिली कि यहां से टूटे 6 लॉकरों में ज्यादा लॉकर करोड़पतियों के थे। इनमें काफी ज्यादा सोना भरा हुआ था। वहीं लोगों ने चोरी की घटना कके बाद बैंक के बाहर हंगामा जरूर मचाया, लेकिन कई लोग तो इसकी जानकारी देने से भी बच रहे थे कि उनका कितना नुकसान हुआ है। वहीं ज्यादातर लोगों ने इस बैंक में सालों से खाता खुलवाया हुआ था। कई उपभोकता तो यहां बीस साल से भी ज्यादा से थे।
180 लॉकरों में से तोड़े सिर्फ छह
बैंक के लॉकर रूम में दो लाइनों में कुल 180 लॉकर बनाए गए हैं। इनमें दोनों लाइनों में 90-90 लॉकर हैं। चोरी लाइन नंबर एक में हुई है। इसमें से 90 लॉकरों में केवल 6 लॉकरों को तोड़ा गया है। इनमें से ज्यादातर लॉकर शहर के करोड़पति और रईस परिवारों के थे। जिनमें दो हैंडलूम व्यापारी, एक गैस एजेंसी मालिक वहीं एक होटल का मालिक था। बाकी दो ने अपनी पहचान नहीं बताई है।
कुछ ऐसा दिखा माहौल, चोरी के लगाए कयास
घटना स्थल देखकर चोरी की प्रक्रिया के सिर्फ कयास लगाए जा रहे थे। जिनमें गली की तरफ पड़ने वाले और बैंक के बिल्कुल ऊपर बने क्लास रूम की खिड़की को तोड़ा गया था, जिसके सहारे ही चोर कमरे में दाखिल हुए। इससे पहले बैंक के मुख्य द्वार के साथ लगा सीसीटीवी कैमरे भी नीचे झुकाया गया था।
कमरे में दाखिल होने के बाद चोरों ने कटर से कमरे के फर्श को काटने का काम किया। करीब एक से डेढ़ फीट चोड़ा ओर इतना ही लंबा कट किया। यह होल बिल्कुल बैंक के लॉकर रूम में निकला। अब यहां से क्लास की ही दरी के सहारे बैंक में उतरे होंगे और यहां से लॉकर तोड़कर वापस इसी रास्ते निकल गए होंगे।
प्राथमिक जांच की दृष्टि से यह पता लगाना मुश्किल था कि चोरी कब हुई है। शनिवार या रविवार, दिन या रात को का अंदाजा लगाना मुश्किल था। इसका पता सुबह गुरुद्वारा और स्कूल के लोगों ने क्लास रूम खोला तो पता चला कि यहां बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। जिसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी।
खाली मिले सीसीटीवी
बैंक के पास अपने सीसीटीवी कैमरे जरूर हैं, लेकिन उनमें हार्ड डिस्क न होने की वजह से उनमें चोरी की घटना रिकार्ड ही नहीं हो पाई। कैमरे सिर्फ लाइव ही काम करते रहे। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी।
जांच की जा रही है
सोमवार सुबह गुरुद्वारे वाले स्कूल में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में चोरी होने की सूचना मिली। मौके पर बैंक मैनेजर समेत उनके अधिकारियों को बुलाया गया। इसके देखा गया कि बैंक में 6 लॉकर तोड़े गए हैं। इसके लिए चोरों ने बैंक की छत में से लेंटर को डैमेज किया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब छानबीन की जा रही है।
- बलबीर, किला थाना प्रभारी