चालक ने बताया कि एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। वहीं, गनीमत रही कि उस समय झुग्गी में कोई नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे। फुटपाथ पर खेल रहे मासूमों पर गाड़ी चढ़ते ही कार की अगली सीट पर बैठा युवक भाग निकला। जख्मी मासूमों के परिजनों का आरोप है कि पुलिस एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले को रफा-दफा करना चाहती है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेक्टर-25 स्थित श्मशानघाट के सामने बने फुटपाथ पर अपने घर के बाहर तनुज, प्रिया, हरमन, जज्जू और विशाल खेल रहे थे। किसी भी तरह की घटना से बेखबर बच्चे रोज तरह अपने खेल में मस्त थे। अचानक पजेरो के फुटपाथ पर आ जाने की उन्हें खबर भी नहीं थी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बच्चों को कुचलते हुए झुग्गी में जा घुसी, लेकिन वहां किसी के न होने से बड़ा हादसा टल गया। इसकी खबर मिलते ही पुलिस पीसीआर और सेक्टर-24 पुलिस चौकी इंजार्च सब इंस्पेक्टर रोहिताश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गाड़ी को कब्जे में लेकर लोगों के बयान दर्ज किए।