मोहाली बैरियर के पास बने सीआरपीएफ कैंप की दीवार में मंगलवार देर रात को एक कार जा टकराई। टक्कर रेस्ट रूम की दीवार पर लगी, जहां 3 जवान सो रहे थे। हादसे में दीवार ढह गई। गनीमत रही कि किसी भी जवान को कोई चोट नहीं आई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक संगरूर निवासी करण ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीआरपीएफ की 51वीं बटालियन में तैनात जवान राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मंगलवार देर रात उसकी ड्यूटी मोहाली बैरियर पर थी। बैरियर पर सीआरपीएफ के रेस्ट रूम में तीन जवान सो रहे थे। इतने में सेक्टर-42/43 की सड़क की ओर से एक तेज रफ्तार कार आई और उसने रेस्ट रूम की दीवार में टक्कर मार दी।
इससे जहां दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं हादसे के दौरान कमरे में सो रहे तीन जवान बाल-बाल बच गए। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कार चालक करण के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।