बीएसएफ को आता देखकर बॉर्डर पर पाक तस्कर 90 करोड़ रुपये की 18 हेरोइन के पैकेट छोड़ भागे। पाकिस्तानी तस्कर सरहद पर भारतीय तस्करों को हेरोइन की खेप देने पहुंचे लेकिन सीमा सुरक्षा बल के जवानों की होशियारी ने उन्हें नाकाम कर दिया। पाक तस्कर बीएसएफ की सतर्कता को देख हेरोइन के 18 पैकेट व प्लास्टिक की पाइप वहीं पर छोड़कर भाग गए।
उधर, बीएसएफ ने सर्च अभियान शुरू कर घटनास्थल से 90 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद करने के अलावा एक प्लास्टिक का पाइप व एक जोड़ी जूते बरामद किए हैं। यह घटना फिरोजपुर सेक्टर की बीओपी करनैल सिंह वाला में शुक्रवार सुबह घटी।
बीएसएफ के सीनियर प्रवक्ता व डीआईजी आरएस कटारिया ने बताया कि बीओपी करनैल सिंह वाला के पास सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ बीएसएफ की बटालियन-87 के जवान गश्त कर रहे थे।
उन्होंने फेंसिंग के पास पाकिस्तानी तस्करों की गतिविधियां देखीं। इससे पाक तस्कर बीएसएफ के जवानों की सतर्कता को भांपते हुए वहां से भाग निकले और हेरोइन व अन्य सामान वहीं छोड़ गए।
बीएसएफ फिरोजपुर सेक्टर के डीआईजी आरके थापा की अध्यक्षता में घटनास्थल पर सर्च अभियान चलाया। वहां से बीएसएफ को 18 हेरोइन के पैकेट मिले, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 90 करोड़ रुपये है। इसके अलावा वहां से प्लास्टिक की एक पाइप जिस पर मेड इन पाकिस्तान लिखा हुआ है और एक जूते की जोड़ी भी बरामद हुई है।