कुएं से बोरे में लिपटी हुई युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। वारदात हरियाणा के रेवाड़ी के गांव राजपुरा खालसा की है। युवती का शव काफी पुराना होने से शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव राजपुरा निवासी राजपाल बृहस्पतिवार की सुबह खेतों की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उन्हें खालसा रोड पर सड़क किनारे एक कुएं से बदबू आई। उन्होंने कुएं में देखा तो एक बोरी पानी में तैर रही थी। राजपाल ने मामले की जानकारी गांव के सरपंच और अन्य लोगों को दी।
सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को कुएं से बाहर निकाला। बोरा खोलने पर उसमें एक युवती की लाश मिली। मौके पर सदर एसएचओ ओमप्रकाश भी पहुंच गए। शव की हालत खराब होने के कारण उसका पोस्टमार्टम अब रोहतक पीजीआई में होगा।