पत्नी को प्रेमी संग नाजायज रिश्ते जोड़ने से रोकना उसे पड़ा महंगा। युवक को ये इल्म भी नहीं था कि उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। मामला पंजाब के फिरोजपुर का है।
यहां के गांव जेमल वाला में एक महिला ने अपने प्रेमी के संग मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। उधर, थाना सदर पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर आरोपी महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सुखदेव सिंह पुत्र सुरजीत सिंह वासी गांव जेमल वाला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके भाई गुरबच्चन सिंह की सात साल पहले शादी हुई थी। किसी कारण पति-पत्नी में अनबन रहने लगी तो पंचायत के तौर पर तलाक हो गया। उसके बाद गुरबच्चन सिंह ने दोबारा मनप्रीत कौर नामक महिला से शादी कर ली।
सुखदेव ने बताया कि उनके पड़ोसी राजबीर सिंह के साथ मनप्रीत कौर के अवैध संबंध बन गए। इस बात की भनक गुरबच्चन को लगी तो उसने मनप्रीत कौर से ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। मनप्रीत कौर और राजबीर सिंह के प्रेम संबंधों में गुरबच्चन कांटा बना हुआ था।
दोनों ने मिलकर गुरबच्चन सिंह का गला घोंट कर हत्या कर दी। उधर, पुलिस ने मनप्रीत कौर व राजबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं।