पूर्व मंत्री के समधी की हत्या कर शव जला दिया और अधजला शव फेंक दिया। दो दिन बाद बरामद हुआ। तब तक जानवर श्ाव नोच चुके थे। मामला हरियाणा के बावल(रेवाड़ी) जिले का है। इनेलो सरकार में पूर्व मंत्री रहे मोहम्मद इलियास चौधरी के समधी की हत्या कर शव रेवाड़ी जिले के खंडोड़ा गांव में पड़ा फेंक दिया।
काफी हद तक जला हुआ शव दो दिन पुराना था और इसे जानवरों ने भी नोच लिया था। देर शाम शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस-प्रशासन और रात तक पूर्व मंत्री भी मौके पर पहुंचे। बावल थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है।
जिला अलवर के गांव सारा खुर्द निवासी याकूब खां (50) की बेटी की शादी मेवात के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री मो. इलियास चौधरी के बेटे के साथ हुई थी। याकूब खां का अधजला शव मंगलवार को जिले के बावल ब्लॉक के खंडोड़ा गांव में एक सूखे तालाब में पड़ा मिला। शव को जानवरों ने भी नोंच लिया था।
मामले का पता तब चला जब बावल पुलिस ने तलाशी के दौरान मृतक की बनियान से उसकी आईडी बरामद की। स्थानीय थाने से संपर्क करने के बाद परिजनों के जरिये मृतक की पहचान हुई। साथ ही पूर्व मंत्री का समधी होने की भी जानकारी मिली। मामले की जानकारी पर रात को पूर्व मंत्री मोहम्मद इलियास और अन्य परिचितों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
बनियान में मिली आईडी से हुई थी पहचान
मृतक का शरीर काफी हद तक जला हुआ था। इसके साथ ही मृतक के शरीर पर मौजूद कुर्ता और बनियान सीने से ऊपर थे। इससे लग रहा था कि मृतक को कहीं और मारकर घसीटकर खंडोड़ा गांव के पास झाड़ियों से घिरे सूखे तालाब तक लाया गया और फिर आग लगा दी। हालांकि इकट्ठे हुए कपड़े पूरी तरह नहीं जले। मृतक की बनियान (बंडी) में बनी जेब में उसकी आईडी मिली। इसके बाद मृतक की शिनाख्त हो सकी।