बाइक की चाबी न देने पर गुस्साए बेटे ने रॉड से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी। हत्या के वक्त घर पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। लेकिन बेटे के कातिलाना हमले से पिता को नहीं बचा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ चंडी मंदिर थाने में हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
बुधवार को रात करीब 8.15 बजे गांव बिल्ला निवासी पवन कुमार का 23 वर्षीय बेटा अंकुश अपने पिता से बाइक की चाबी मांगने लगा। उस वक्त नशे में होने की वजह से पिता ने बेटे को चाबी देने से मना करते हुए बाहर जाने से मना कर दिया।
बेटे को यह बात हजम नहीं हुई और उसने तुरंत रॉड लेकर बाइक पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर भी बेटे का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसे रोकने के लिए पहुंचे पिता पर भी बेटे ने हमला कर दिया।