पंजाब के लुधियाना में गांव गांव बल्लोवाल से चार दिन पहले से लापता चल रहे रघुबीर सिंह (26) की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को ललतों कलां की कंट्री विला के खाली प्लॉट में फेंक दिया। रघुबीर सिंह की बाइक भी वही दीवार के साथ खड़ी मिली। लावारिस हालत में बाइक खड़ी देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो पता चला कि वहां युवक का शव पड़ा है और पूरी तरह से खून से लथपथ है। हत्यारों ने रघुबीर सिंह के चेहरे को भी बुरी तरह से खराब कर दिया। जांच के बाद शव कब्जे में लेकर थाना सदर की पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में रघुबीर सिंह के पिता जगजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- झकझोर देने वाली घटना: सात माह पहले परिवार ने खरीदी 'मौत', भागने का मौका तक नहीं दिया, छह की ली जान
जगजीत सिंह ने शिकायत दी है कि उनका बेटा ड्राइवरी करता था। रोजाना की तरह पांच अक्तूबर की सुबह भी वह अपने बाइक से घर से काम पर चला गया। मगर देर रात तक वापस नहीं आया। परिवार वालों ने संपर्क करने की काफी कोशिश की लेकिन रघुबीर सिंह का कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना जोधा में दर्ज करवाई। रविवार की सुबह कंट्री विला में लावारिस हालत में बाइक खड़ी थी और शव पड़ा था। लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने जब शव की जांच की तो पता चला कि शव रघुबीर सिंह का है। पुलिस ने रघुबीर सिंह के परिवार को सूचना दी। चौकी ललतों कलां के प्रभारी एएसआई रविंदर सिंह ने बताया कि हत्यारों ने रघुबीर के चेहरे को बुरी तरह से खराब कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा।