चंडीगढ़ के सेक्टर-36 थाना पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंजाब के मोगा जिले के 22 वर्षीय मंदीप सिंह के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई। इसके बाद आरोपी ने मोगा से चंडीगढ़ आकर वारदात को अंजाम दिया। बता दें कि चंडीगढ़ से मोगा की दूरी लगभग 168 किमी की है।
सेक्टर-36 थाना पुलिस ने आरोपी मंदीप के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (2), (एन) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत बीते 8 अक्तूबर को मामला दर्ज किया था। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया है। शिकायत के मुताबिक इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। अगस्त 2023 में किशारी ने उससे बात करने से मना करते हुए कॉल न करने को कहा। बावजूद इसके आरोपी छह अक्तूबर को लड़की के परिजनों की गैर-मौजूदगी में उसके घर पहुंच गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि अगर उसने इस घटना का जिक्र किसी से किया तो वह उसे जान से मार देगा। बाद में शिकायत मिलने पर पुलिस ने पीड़ित किशोरी का मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।