हरियाणा के कैथल में दिलदहलाने वाला सड़क हादसा हुआ। एनएच पर आमने सामने की भिड़ंत में गाड़ी समेत 2 जिंदा जल गए। दरअसल नेशनल हाइवे नंबर 65 पर गुलमोहर सिटी के पास वीरवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो ट्रकों में आग लग गई। जिसमें दोनों के ड्राईवर जिंदा जल गए।
वहीं परिचालक बुरी तरह से घायल हो गए। घायल परिचालकों में से एक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसा इतना भयानक था कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की सहायता से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद दोपहर तक मृतक चालकों की पहचान हो पाई।
जिसमें एक राजस्थान के चुरू जिले के रत्ननगर का रहने वाला है। जो राजस्थान से अंबाला की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। वहीं दूसरे ट्रक के चालक अंबाला निवासी विशाल शर्मा अपने परिचालक रामधन के साथ राजस्थान की ओर कागज के रोल लोड करके जा रहा था। देर सांय पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार अंबाला निवासी चालक विशाल शर्मा ट्रक लेकर जैसे ही कैथल के गुलमोहर सिटी के निकट पहुंचा तो सामने से आ रहे राजस्थान के चुरू जिले के रत्ननगर निवासी रामकुमार के ट्रक का टायर फटने के कारण दोनों ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक ट्रक का ईंधन टैंक फट गया।
इससे दोनों ही ट्रकों में आग लग गई। दोनों ही ट्रकों के ड्राइवर साइड से हुई टक्कर के कारण चालक एवं परिचालक ट्रक में से नहीं निकल पाए। बाद में आस-पास से गुजर रहे लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तथा दमकल विभाग को सूचित किया। इसी बीच लोगों ने काफी प्रयास करते हुए परिचालकों को तो बाहर निकाल लिया।
लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी के आने तक चालकों को बाहर नहीं निकाला जा सका। बाद में दमकल विभाग की गाड़ी की सहायता से ट्रकों के अगले हिस्से की आग बुझाकर चालकों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों ट्रकों की आग को बुझाने में दमकल विभाग की गाडिय़ों को दो घंटे का समय लगा।