एक बार फिर से अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर खड़ा ट्रक दो भाइयों के लिए काल बन गया। हाईवे पर गांव मोहड़ा के नजदीक सड़क के किनारे खड़े ट्रक से कार टकरा गई। दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, वहीं दो अन्य जख्मी हो गए हैं।
दिल्ली के रहने वाले चार लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन कर कार से लौट रहे थे। घायलों को कैंट सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर कर दिया गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखचे उड़ गए।
कार सवार चार युवक वैष्णो देवी माता धाम से माथा टेककर बुधवार को अंबाला-दिल्ली हाईवे पर कार में दिल्ली लौट रहे थे। जैसे ही कार हाइवे पर स्थित गांव मोहड़ा के नजदीक पहुंची तो हाइवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए, जबकि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार सवारों को निकालने की कोशिशों में जुट गए।
इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चारों को किसी तरह से कार से निकालकर कैंट के सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दिल्ली के शाहदरा के अशोक नगर की गली नंबर दो के निवासी 23 वर्षीय अमन व 19 वर्षीय गौरव के रूप में हुई। गंभीर रूप से घायलों की पहचान रवि व संतोष के रूप में हुई है।
घायलों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर कर दिया। अंबाला कैंट पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया।
हाईवे पर खड़े ट्रक बन रहे काल, कोई सबक नहीं
कुछ माह पूर्व हाईवे पर ही खड़े ट्रक से टकराकर कार में सवार चार युवाओं की मौत हो चुकी है। इस हादसे के बाद पुलिस ने थाना स्तर पर निर्देश जारी किए थे कि हाइवे पर कोई भी हैवी वाहन खड़ा नहीं होगा। इसके लिए पेट्रोलिंग के निर्देश भी दिए गए थे।
लेकिन हैरानी की बात है कि इसके बावजूद हाईवे पर ट्रक सहित अन्य हैवी वाहनों के खड़े होने का सिलसिला रुक नहीं पा रहा है। बुधवार को भी इसी लापरवाही का खामियाजा एक परिवार ने भुगता, जब सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर कार सवार दो भाइयों की मौत हो गई। इसी हादसे में दो अन्य भी घायल हुए हैं।
बलविंद्र सिंह, एसआई और चौकी इंचार्ज, मोहड़ा ने बताया कि हाईवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई, जिससे कार सवार दो युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में चंडीगढ़ के अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार है, जबकि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।