सोनीपत निवासी युवक को शादी के नाम पर झांसे में लेकर हजारों रुपये की नकदी ऐंठने और शादी के एक माह बाद ही आभूषण व सामान उड़ाने का मामला सामने आया है। युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोनीपत निवासी राहुल ने बताया कि वह बहालगढ़ में रेहड़ी लगाता है और सुरेश के मकान में किराए पर रहता है। वह सुरेश को अपनी बुआ कहता है और परिवार की तरह उनके घर में रह रहा है। राहुल ने बताया कि उसके कहने पर सुरेश ने अपने जानकार मुकेश से उसका रिश्ता कराने की बात कही। मुकेश ने अपनी पहचान की विद्या देवी को इस बारे में अवगत कराया। सुरेश ने उन्हें बताया कि दिल्ली में एक लड़की है, जिससे उसकी शादी हो सकती है। लेकिन इसके एवज में 80 हजार रुपये देने होंगे। इसके बाद छह अप्रैल को वह अपनी मां व मौसा को लेकर सुरेश, मुकेश व विद्या के साथ दिल्ली के किराड़ी निवासी रमीजा खातुन उर्फ रानी के घर पर पहुंचा।
वहां उसे युवती व दो युवक मिले। उनकी पहचान तारीक दास उर्फ राणा व उसकी बहन रीता दास और गन्नौर निवासी विनोद पंडित के रूप में कराई गई। उसे रीता दास से शादी कराने की बात कही गई। उसने लड़की को पसंद कर उनके कहे अनुसार 80 हजार रुपये रानी को दे दिए। बाद में रानी उन्हें अपने जानकार वकील के पास ले गई। वकील ने एक शपथ पत्र पर उनकी शादी लिखवाई और वह रीता दास को लेकर घर आ गया।
धोखेबाज दुल्हन ने गिरोह संग मिलकर गहने और सामान उड़ाया
marriage
- फोटो : Demo Pic
राहुल ने बताया कि एक माह तक सब ठीक रहा। इस बीच 16 मई को उसके घर पर राणा व विनोद पंडित आ गए। उनके खाने के लिए उसकी मां सामान लेने बाहर चली गई। जब उसकी मां घर पहुंची तो राणा, विनोद पंडित व रीता दास गायब मिले। साथ ही घर का सामान बिखरा था।
घर से गहने, कपड़े और अन्य सामान गायब मिले। उन्होंने रानी व राणा से संपर्क किया तो बोले कि रीता उनके साथ है। वे जल्द ही उसे भेज देंगे। उसके बाद वह नहीं आई। राहुल ने बताया कि वह अपने परिचित के साथ रानी के घर गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आस पड़ोस में पता करने पर जानकारी मिली कि रानी, राणा और विनोद पंडित अपनी जानकार लड़की को लेकर आते हैं। उसकी झूठी शादी करा देते हैं और नकदी ठग लेते हैं।
साथ ही घर से चोरी कर लेते हैं। बाद में लड़की को दूसरी जगह भेज दिया जाता है। पुलिस ने राहुल के बयान पर रानी, तारिक दास, रीता दास व विनोद पंडित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।