विजिलेंस ब्यूरो ने माल हलका हडाना के पटवारी को एक किसान से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी पटवारी के खिलाफ विजिलेंस ने 7, 13 (2) 1988 प्रिवेंशन आफ करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
विजिलेंस ब्यूरो के सीनियर कप्तान पुलिस पटियाला रेंज हरप्रीत सिंह ने बताया कि बेअंत सिंह पुत्र संपूर्ण सिंह निवासी गांव उदैपुर दीवानवाला खेतीबाड़ी करता है।
उसने विजिलेंस ब्यूरो के पास शिकायत की थी कि माल हलका हडाना तहसील और पटियाला के पटवारी गुरमेल सिंह निवासी रतन नगर त्रिपड़ी ने उससे उसकी जमीन की निशानदेही कराने के बदले में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार को पटवारी के राजपुरा कॉलोनी स्थित सरकारी दफ्तर में रेड करके उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।
आरोपी गुरमेल सिंह ने यह रिश्वत के पैसे मनजीत सिंह शेडो गवाह निवासी गांव गुरदियालपुरा तहसील समाना की हाजिरी में मांगे। विजिलेंस ब्यूरो की टीम में सब इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह, सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह, एएसआई भूपिंदर सिंह और हवलदार विजय शारदा मौजूद रहे।