जीएमसीएच 32 से पुलिस कंट्रोल रूम में की गई एक कॉल से वीरवार को चंडीगढ़ पुलिस के होश उड़ गए। कॉलर ने पुलिस को बताया कि वे भारत को बम से उड़ाने वाले हैं और चंडीगढ़ में भी बम रखे गए हैं।
इतना कहते ही फोन कट गया और पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस इसलिए भी घबरा गई क्योंकि उसी दौरान चेन्नई में ट्रेन में धमाके हुए थे। आनन-फानन में पुलिस ने ट्राइसिटी में अलर्ट जारी कर दिया।
आपरेशन सेल की टीम ने रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेंड, सेक्टर 17 मार्केट, सेक्टर 22 मार्केट के अलावा अन्य इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
दूसरी तरफ एक टीम ने कॉल करने वाले की जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि कॉल जीएमसीएच 32 के हास्पिटल से की गई थी। पुलिस को बाद में जानकारी मिली कि यह कॉल मानसिक रोगी एक बच्चे ने की थी।
बच्चा समझकर पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी और बच्चों पर ध्यान रखने को भी कहा।