6 साल के बच्चे के अपहरण और फिरौती ने पुलिस की नींद को उड़ा दिया, मासूम की तलाश में पुलिस शहर में दबिश देती रही, लेकिन जब घर के सामने एक बोरा खोला गया तो सबका दिल बैठ गया। सबकी आंखें नम हो गईं। करनाल के असंध में दो दिन पहले गांव पोपड़ा से अपहृतब च्चे का शव उसके घर के पास ही बनी एक दुकान के अंदर बोरे में बंद मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेजा है।
विज्ञापन
पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले को लेकर कई तरह से कयास लगाए रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चे की हत्या कैसे की गई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि सोमवार को पोपड़ा गांव से छह साल के आर्यन के अपहरण के बाद पांच लाख रुपये की फिरौती की शिकायत पुलिस को दी गई थी। पुलिस मामले की छानबीन में ही जुटी थी कि बुधवार सुबह आर्यन के घर के पास ही बनी एक मोबाइल की बंद दुकान के शटर के नीचे से ग्रामीणों ने खून निकलता देखा।
विज्ञापन
बोरे में बंद मिला बच्चे का शव
इसके बाद, काफी संख्या में ग्रामीण एकजुट हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। डीएसपी दलबीर सिंह और थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह और अन्य पहुंचकर दुकान को खोला तो दुकान के अंदर काउंटर के अंदर बोरे में बंद बच्चे का शव मिला, जो खून से सना हुआ था, साथ ही बच्चे के मुंह पर टेप भी लगी मिली है।
इसके साथ ही बच्चे के दोनों हाथों और पैरों को भी टेप से बांधा हुआ था। इस दौरान एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल मेडिकल कालेज में पहुंचाया, जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक रेफर कर दिया गया।
उधर, शव मिलने के बाद से ही दुकान मालिक और किरायेदार फरार चल रहे हैं। इस मामले में असंध के डीएसपी दलबीर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह बच्चे का शव उनके घर के पास स्थित एक मोबाइल की दुकान से बरामद हुआ है। पुलिस जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस कई पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
जब आर्यन के शव को बोरे से बाहर निकाला गया तो उसे हत्यारों ने बड़ी दरिंदगी से उसके चेहरे पर टेप लगा रखी थी और उसके हाथ व पांव को भी टेप से बांध रखा था। वहीं, उन्होंने आर्यन के शव को बड़ी बेरहमी से उस बोरे में ठूंस रखा था। शव के बोरे में बंद होने व गर्मी ज्यादा होने के कारण बच्चे का शव फट गया।
जिस कारण उसका खून दुकान के बाहर आ गया और ग्रामीणों को पता चल गया। वहीं, शव में बदबू भी बहुत ज्यादा हो गई थी। जब शव को बोरे से बाहर निकाला गया तो वह एकदम गली सड़ी हालत में था। बच्चे का शव मिलने से गांव में मातम छाया है।