पुलिस कर रही धमाके की जांच
नूरपुरबेदी थाना प्रभारी ब्रिकमजीत सिंह ने बताया कि रात करीब साढे़ 11 बजे के करीब एक धमाके की आवाज सुनाई दी। चौकी में तैनात पुलिस मुलाजिमों ने बाहर निकलकर देखा तो कुछ नहीं मिला। सुबह पता चला कि यह धमाका टायर फटने का नहीं है। इसके बाद उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही अन्य जानकारी दी जा सकेगी।
पुलिस की रात्रि ड्यूटी पर लगा प्रश्न चिह्न
उक्त चौकी एक चौक पर स्थित है। वहां से नंगल और गढ़शंकर को रास्ते जाता है। यहां बढ़ते आपराधिक मामले को देख कलमा में चौकी स्थापित की गई थी। चौकी के पास बम धमाके से पुलिस की रात्रि ड्यूटी पर प्रश्न चिह्न लग गया है। मगर उक्त घटना के बाद लोगों का कहना है कि जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है।
लुधियाना: बम का शैल मिलने से इलाके में दहशत
उधर, लुधियाना में जमालपुर की फार्चून सिटी में बुधवार की दोपहर को बम का शैल मिलने से दहशत का माहौल पैदा हो गया। लोगों ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। पुलिस के आलाधिकारी और थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत बम निरोधक दस्ते को इसकी जानकारी दी। जांच के बाद वहां से शैल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्क्रैप में शैल आया था और मिट्टी के जरिये वहां पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार फार्चून सिटी इलाके में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। सड़क निर्माण के लिए माछीवाड़ा इलाके से मिट्टी मंगवाई जा रही थी। मिट्टी का ट्रक आया तो उसी में शैल आया था। थाना जमालपुर के एसएचओ सब इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंच अधिकारियों के साथ जांच की गई। बम निरोधक दस्ते को भी जांच को कहा गया था। इसके बाद पता चला कि यह बम शैल काफी पुराना है और स्क्रैप में आया होगा। उन्होंने कहा कि यह मिट्टी में आया है, अब तक की जांच में यही सामने आया है। बाकी आगे की जांच पुलिस और बम निरोधक दस्ता कर रहा है।