स्नैचरों ने सेक्टर-20 में अपनी बेटी के साथ जा रही बुजुर्ग महिला का पर्स झपट लिया। अचानक लगे झटके से महिला स्कूटी से गिर गई। महिला के सिर में चोट आई है।
स्कूटी चला रही महिला की बेटी को बाद में पता चला कि उसकी मां गिर गई है। महिला को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया है। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच की।
सेक्टर-15 निवासी सुमन बाला पिछले दिनों ही एग्रीकल्चर विभाग से रिटायर हुई थीं। बुधवार दोपहर को वह अपनी बेटी रितु के साथ सेक्टर-21 के एक बैंक में पेंशन के दस्तावेज जमा कराने गई थी।
बैंक से लौटते समय जब वह निजी अस्पताल के पास पहुंची तो तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उसका पर्स झपट लिया और फरार हो गया।
स्नैचिंग के दौरान लगे झटके से महिला सुमन बाला नीचे गिर गई। स्कूटी चला रही रितु को इसका पता भी नहीं चला। कुछ आगे जाने के बाद उसे अहसास हुआ कि स्कूटी पर उसकी मां नहीं है।
उसने स्कूटी रोककर देखा तो उसकी मां सड़क पर गिरी हुईं थीं। उसने अपनी मां को तुरंत अस्पताल में पहुंचाया। सुमन बाला के सिर पर चोट लगी थी। रितु ने घटना की पुलिस और अपने घर पर भी सूचना दे दी।
पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। महिला के बेटे विक्रम के अनुसार पर्स में करीब छह हजार रुपये और कुछ जरूरी दस्तावेज थे।