सड़क हादसे में बुधवार देर रात स्कूटर चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटर चालक एक साइकिल चालक से टकरा गया था। जिसके बाद उसका सिर पटरी से टकराया। पुलिस ने बताया कि युवक की मौत सिर पर चोट लगने के कारण हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व छानबीन कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नयागांव निवासी जॉनी सिंगला (28) सेक्टर 40 अपने दोस्तों के पास से एक्टिवा पर घर लौट रहा था। रात को करीब 11.30 बजे जैसे ही जॉनी पीयू के गेट नंबर 2 के पास पहुंचा अचानक उसके आगे एक साइकिल वाला आ गया। जॉनी का स्कूटर साइकिल से टकराया और वे जमीन पर गिर गया।
जमीन पर गिरते वक्त उसका सिर पटरी से टकराया और वो गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने 100 नंबर पर हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर घायल को पीजीआई ले कर गई। डाक्टरों ने युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि साइकिल सवार को भी हादसे में मामूली चोटें आई है। पुलिस ने मामले में अभी किसी पर एफआईआर दर्ज नही की व मामले की जांच कर रही है। जॉनी नयागांव में अपने भाई व भाभी के साथ रहता था। जॉनी के परिजनों ने बताया कि वो कपड़े के बैग सप्लाई करने का काम करता था। जॉनी मूल रूप से पंजाब के बरनाला का रहने वाला था व अभी अविवाहित था। पुलिस ने शव जीएमएसएच-16 में पोस्टमॉर्टम केलिए रखवा दिया है।