सेक्टर-34सी की मार्केट के पास सोमवार दोपहर एक ट्रैफिक हेड कांस्टेबल को बिना हेलमेट पहने बाइक सवार चालक को रोकना महंगा पड़ गया। बाइक हेड कांस्टेबल से जा टकराई।
हादसे में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, बाइक सवार राहुल और उसकी बहन पूनम गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को सेक्टर-32 के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
सेक्टर-34 की पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर-45 निवासी राहुल बहन पूनम के साथ जा रहा था। राहुल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
डंडे से वार करने का आरोप
बहन पूनम का कहना है कि हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश ने उसके भाई पर डंडे से वार किया, जिस कारण यह हादसा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी पानी की टंकी के पीछे छुपा हुआ था।
जब बाइक पर राहुल अपनी बहन के साथ आया तो हेड कांस्टेबल एक दम से सड़क पर डंडे सहित आ गया। हादसे के समय बाइक की स्पीड तेज थी।
वहीं पुलिस का तर्क है कि राहुल बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए आ रहा था, जब उसे रोकने का इशारा किया गया तो वह नहीं रुका और उसने कांस्टेबल पर बाइक चढ़ा दी।
हेड कांस्टेबल ने रोका तो हादसा
इससे राहुल और हेड कांस्टेबल जमीन पर गिर गए। सेक्टर-34 पुलिस थाना प्रभारी राजेश शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
उनका कहना है कि बाइक सवार युवक बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था। जिसे हेड कांस्टेबल ने रोका तो यह हादसा हो गया। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर एसएसपी ट्रैफिक मनीष चौधरी अस्पताल में हेड कांस्टेबल और घायलों की स्थिति जानने के लिए पहुंचे।