मोहाली के फेज-सात स्थित रिहायशी इलाके में वीरवार सुबह फिल्मी स्टाइल में पिस्तौल के बल पर दो युवक बाइक लूट कर फरार हो गए। लेकिन जैसे ही आरोपी बाइक पर सवार होकर आगे बढ़े तो वहां पर पुलिस ने नाका लगा रखा था। इसे देखकर आरोपी डर गए। साथ ही बाइक मोड़कर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने उनका पीछा किया। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस बाइक थाने ले आई है। वहां बाइक मालिकों को सौंप दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में शिकायत पुलिस को गांव सिल्लबत्ता निवासी गुरप्रीत सिंह ने दी थी।
ऐसे दिया लूट की वारदात को अंजाम
पीड़ित गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब सवा दस बजे फेज-7 स्थित डॉ. चावला के घर वेल्डिंग का काम करने आए थे। उसके साथ परमिंदर सिंह भी था। बाइक खड़ी करके परमिंदर घर के अंदर चला गया, जबकि वह बाइक को छाया में खड़ी करने लगा। तभी दो युवक पैदल ही उसके पास पहुंचे और पिस्तौल लगा दी। इसके बाद बाइक लूटकर वह भाग गए।
लुटेरे बोले-बाइक की चाबी दे दे, वरना गोली मार देंगे
गुरप्रीत ने बताया कि लुटेरे जैसे ही उसके पास पहुंचे तो उनमें से एक ने पिस्तौल उसके लगा दी। साथ ही कहा कि चाबी दे दे वरना वह उसे गोली मार देगा। डर के मारे उसने बाइक की चाबी उनके हवाले कर दी।