साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑनलाइन सट्टेबाजी चल रही थी। ऑन लाइन सट्टा लगाने के आरोप में पिंजौर पुलिस ने चार सटोरियों को को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से 7 मोबाइल, तकरीबन 37 हजार रुपए नगदी, सट्टा का हिसाब लगाने वाला रजिस्टर सहित अन्य सामान बरामद किया है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंजौर नगर निगम वार्ड नं0-3 की धर्मपुर कालोनी के एक कमरे में हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन निवासी कुछ लोग मंगलवार को खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑन लाइन सट्टा लगा रहे हैं और यह कह कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि उन्होंने इसके लिए सरकार से अनुमति ले रखी है।
मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर आला अधिकारियों को सूचना दे कर रेड टीम गठित की गई। पिंजौर थाना प्रभारी सतीश कुमार, अमरावती चौकी इंचार्ज जगदीश कुमार, एएसआई मांगे राम के साथ साथ अन्य पुलिस कर्मचारियों की टीम ने उस घर के कमरे में रेड की।
पुलिस को मौके पर हिमाचल निवासी चार लोग मिले जिनके पास से सात मोबाइल फोन, 37 हजार रुपए नगदी, सट्टे लगाने का हिसाब रखने वाला रजिस्टर, एलसीडी सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि सट्टे के आरोप में हिमाचल प्रदेश निवासी नरेश कुमार,रोहित,जितेंद्र ,सुमित के खिलाफ पुलिस ने गैंबलिंग एक्ट, आईटी एक्ट और आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मोबाइल और रजिस्टर खंगाल कर पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर सट्टे का बाजार कहां से चलता है और असली सरगना कौन है।