महिला आयोग की 'चेयरमैन' ने डेरे में घुस कर किन्नरों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली और 60 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। मामला हरियाणा के रतिया का है। गाड़ी में सवार एक महिला, दो युवतियां और तीन युवक डेरे में घुसे। महिला ने खुद को चंडीगढ़ महिला आयोग की चेयरमैन बताया। गाड़ी पर चेयरमैन की नेम प्लेट भी लगी थी। युवकों ने खुद को पत्रकार बताया।
इन सभी ने किन्नरों को धमकाया। उनके कपड़े उतारकर उनकी तलाशी ली और 60 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब आसपास के लोगों को मामले की सूचना मिली तो उन्हें कथित टीम पर संदेह हुआ। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक-युवतियों को काबू कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किन्नर पम्मी महंत ने बताया कि उनके डेरे पर एक जाइलो कार आकर रुकी, जिसमें दो युवतियां व तीन युवक थे। इनमें एक महिला ने आते ही कहा कि वह चंडीगढ़ में महिला मामलों की चेयरमैन हैं और उसके साथ तीन युवक चंडीगढ़ के पत्रकार हैं।
पुलिस ने युवक-युवतियों को काबू कर उनसे पूछताछ की
पम्मी महंत ने बताया कि उक्त महिला ने धमकी दी कि टीम को डेरे के बारे में शिकायतें मिली हैं, इसलिए यहां जांच करनी है। महंत ने आरोप लगाया कि उक्त युवक व युवतियों ने किन्नरों के कपड़े उतारकर तलाशी ली और उन्हें धमकाते हुए 60 हजार रुपये ऐंठ लिए।
गतिविधियों पर हुआ संदेह: मामले की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्हें युवक-युवतियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने उक्त युवक-युवतियों और गाड़ी के बारे में से पूछताछ शुरू कर दी। पहले तो उन्होंने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ ने सख्ती दिखाई तो उक्त युवक-युवतियों ने अपनी गलती मानते हुए किन्नरों के रुपये वापस कर दिए।
बाद में किन्नरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पीसीआर इंचार्ज राजेंद्र कुमार व एएसआई जीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने युवक-युवतियों को काबू कर उनसे पूछताछ कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किन्नरों ने लिखित में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या कहते है चौकी इंचार्ज: चौकी इंचार्ज साधु राम ने कहा कि चेयरमैन की प्लेट लगी गाड़ी में सवार युवक-युवतियों द्वारा किन्नरों की तलाशी लेने और 60 हजार रुपये ऐंठने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है।