काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने शुक्रवार को दिल्ली से एक युवक को दो हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम जसमीत बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले आठ अवैध हथियारों के साथ राजभूपिंदर सिंह निवासी गांव डिक्ख (बठिंडा), रमन कुमार निवासी गुरुहरसहाय, जगजीत सिंह निवासी गांव ढिल्लवां खुर्द (फरीदकोट) को काउंटर इंटेलिजेंस ने गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। इनसे पूछताछ के आधार पर आरोपी को दिल्ली से पकड़ा गया है।
शुक्रवार रात को इंटेलिजेंस की टीम ने दिल्ली के जसमीत नामक युवक को दो हथियारों समेत काबू किया। शनिवार को बठिंडा की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब तक इन आरोपियों से कुल 10 हथियारों की बरामदगी हो चुकी है। इन हथियारों को मध्य प्रदेश से खरीदा गया था।
अब काउंटर इंटेलिजेंस की टीम मामले की गहनता से जांच में जुटी है। वह यह भी पता लगा रही है कि कितने हथियार और किसके माध्यम से आरोपियों तक पहुंचे हैं। उधर, संगरूर जेल में बंद तीन आरोपियों को पुलिस जल्द प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी। बताया जा रहा कि गिरफ्तार आरोपियों को इन्हीं से निर्देश मिलना था।