दिल्ली के घेवरा स्थित सिंडीकेट बैंक के मैनेजर ने गुरुवार सुबह स्थानीय आजाद नगर स्थित मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, परिजनों ने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी अजय कुमार दिल्ली के घेवरा स्थित सिंडीकेट बैंक में मैनेजर है।
पुलिस के मुताबिक अजय हर रोज रोहतक से ऑफिस के लिए अप डाउन करते हैं। बुधवार की रात ऑफिस से आने के बाद सो गया था। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे अजय का शव पंखे से लटका मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक का बड़ा भाई दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर है। शिवाजी कॉलोनी एसएचओ प्रवीण मलिक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों ने अभी शिकायत नहीं दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मृतक अजय के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और बेटी भी है। अजय ही परिवार का पालन पोषण कर रहा था। अजय की मौत के बाद अब परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी रोटी का भी संकट खड़ा होगा।
प्रतिदिन ट्रेन से दिल्ली जाता था अजय
परिजनों के अनुसार प्रतिदिन ट्रेन से अजय दिल्ली बैंक में ड्यूटी करने जाता था। रात में करीब 9 बजे तक लौटता था। पड़ोसी ने बताया कि 23 की सुबह उसने करीब साढ़े आठ बजे अजय को जाने के लिए तैयार होते समय देखा था।