पंजाब नेशनल बैंक पंचकूला सेक्टर-20 ब्रांच के चीफ मैनेजर अजय सहगल की आत्महत्या के मामले के आरोपी दोनों अधिकारियों को सस्पेंड करने की बजाय उनका तबादला कर दिया गया है। पीएनबी चंडीगढ़ के डीजीएम एके गुप्ता को लखनऊ में डिसिप्लिनरी अथॉरिटी नियुक्त किया गया है। फील्ड जनरल मैनेजर जेके गुप्ता का तबादला नई दिल्ली कर दिया गया है। दोनों को सोमवार को ज्वाइन करने को कहा है।
आरोपियों का साथ दे रहा बैंक:
वहीं अब तक चंडीगढ़ में दोनों ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों के खिलाफ बैंक ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। बैंक प्रबंधन के फैसले को लेकर अजय सहगल के परिवार और बैंक कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि बैंक प्रबंधन दोनों आरोपियों का साथ दे रहा है। परिवार ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
बैंक प्रबंधन करेगा चार्जशीट:
बैंक कर्मचारियों में बढ़ते रोष को शांत करने के लिए फिलहाल प्रबंधन ने कहा है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आंतरिक चार्जशीट करेगा। बैंक मैनेजमेंट ने ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन से स्पष्ट किया कि 7 जुलाई और नौ जुलाई को स्ट्राइक करनी थी। अभी इसको टाल दिया गया है। आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (चंडीगढ़) के महासचिव राजेंद्र वली ने कहा कि बैंक प्रबंधन ने इस मामले में दो दिन इंतजार के लिए कहा है। इसीलिए स्ट्राइक रोक दी गई है।
एक फैक्ट्री के लिए था लोन:
पीएनबी से मिली जानकारी के अनुसार, अजय सहगल पर पांच करोड़ रुपये का लोन एक ऐसी फैक्ट्री को सेंक्शन करने के लिए कहा जा रहा था, जो बैंक के मानकों के अनुसार नहीं था। अजय सहगल ने इस फैक्ट्री का दौरा करके सारे कागजात लगा दिए थे।
कोट्स......................
बैंक ने दोनों अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस मामले में इंक्वॉयरी की जा रही है।
बीपी रे, जनरल मैनेजर, एचआरडी मैनेजर