सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दो बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
इस पूरी कार्रवाई को बदमाशों ने मात्र 10 मिनट में अंजाम दिया। फिर बदमाश बोलेरो में सवार हुए और एटीएम को घसीटते हुए चंडीगढ़ मार्ग की तरफ चल दिए। इसी बीच पुलिस को भी मामले की जानकारी मिल गई। पुलिस की पीसीआर और थाना प्रभारी की गाड़ी ने बोलेरो गाड़ी का पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि वे बरवाला बाईपास के जींद मार्ग पर बने पुल के नीचे गाड़ियों सहित खड़े थे, लेकिन इसके बावजूद पुलिस के हाथ खाली रहे।
इसी दिन लगा था नया एटीएम
बदमाश एक्सिस बैंक के जिस एटीएम को शुक्रवार अल सुबह उखाड़कर ले गए हैं, वह एटीएम कंपनी द्वारा गुरुवार दोपहर को ही लगाया गया था। इस दौरान एटीएम में करीब 11 लाख से अधिक की नकदी डाली गई थी। पुराने एटीएम के बार-बार खराब होने के चलते कंपनी ने यहां छोटे आकार वाला एटीएम लगाया था।
बता दें कि इससे पहले भी करीब एक साल पहले बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया था, लेकिन एटीएम में नकदी नहीं थी और बदमाशों को खाली हाथ लौटना पड़ा था।
क्षेत्र के कई एटीएम पर तैनात नहीं हैं सुरक्षा गार्ड
शहर व आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न बैंकों के करीबन 15 एटीएम लगे हुए हैं, लेकिन बैंकों और कंपनियों ने अधिकतर एटीएम पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं किए हुए हैं। पुलिस प्रशासन एटीएम वाले बैंकों के अधिकारियों को सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए कई बार नोटिस दे चुके हैं। जिस एक्सेस बैंक के एटीएम को बदमाश शुक्रवार अल सुबह तोड़कर अपने साथ ले गए हैं।
इसकी सुरक्षा को लेकर पुलिस ने करीबन 10 बार बैंक अधिकारियों को गार्ड की तैनाती के लिए लिखा है। एक्सिस बैंक के एटीएम को पहले भी लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन इस सबके बावजूद बैंक अधिकारियों ने सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
बदमाशों ने पुलिस को दिया गच्चा
जब पुलिस एटीएम उखाड़ कर ले जाने वाले बदमाशों का पीछा कर रही थी, उस समय वे पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए। जानकारी के अनुसार पुलिस को जैसे ही पता चला कि एटीएम को बोलेरो गाड़ी के पीछे बांधकर बदमाश घसीटते हुए चंडीगढ़ मार्ग की तरफ ले गए हैं तो पुलिस ने उनका पीछा किया। उस समय बदमाश चंडीगढ़ मार्ग बाईपास से अपनी गाड़ी को रॉन्ग साइड से जींद मार्ग पुल पर निर्माणाधीन सर्विस लेन पर ले गए।
पुलिस बाईपास से जींद मार्ग पर तो पहुंच गई, लेकिन पुलिस जींद मार्ग पुल के ऊपर से बरवाला की तरफ ना आकर आगे खरकपूनिया की तरफ निकल गई। बाद में जब पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि बदमाश जींद मार्ग पुल के नीचे हैं तो बदमाश पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से फरार हो गए।
सड़क पर उठ रही थीं आग की लपटें
जब बदमाश एटीएम को कक्ष से बाहर खींचने के बाद उसे बोलेरो गाड़ी के पीछे बांधकर घसीटते हुए ले जा रहे थे तो मशीन से घर्षण के कारण सड़क पर आग की लपटें उठ रही थीं, लेकिन बावजूद इन सबके ना ही तो पुलिस के हाथ सुराग लगा और ना ही शहर के किसी बाशिंदे को बदमाशों की इस वारदात की भनक लगी।
पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास में जुटी हुई है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएगी। - संदीप कुमार, थाना प्रभारी